छोटे गांव से बड़ी जीत: लीलापुर के धर्मेंद्र यादव बने अधिवक्ता, मुंशी से वकील तक का प्रेरक सफर......।
Rupedra kumar.......
मुंगेली// लोरमी विकासखंड के ग्राम लीलापुर से एक प्रेरणादायक और गर्व की खबर सामने आई है। छोटे से गांव और साधारण किसान परिवार में जन्मे धर्मेंद्र यादव ने ऑल इंडिया बार काउंसिलिंग परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अधिवक्ता के रूप में चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
धर्मेंद्र यादव वर्तमान में मुंगेली में निवासरत हैं। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन में मुंशी के रूप में कार्य करते हुए कानून की बारीकियों को सीखा और कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन तथा मजबूत आत्मविश्वास के बल पर यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया। उनका यह संघर्षपूर्ण सफर उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।
Bar Council of India (BCI) द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित परीक्षा 31 दिसंबर 2025 को संपन्न हुई थी, जिसका परिणाम 8 जनवरी 2026 को घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही धर्मेंद्र यादव की सफलता की खबर गांव से लेकर जिले तक चर्चा का विषय बन गई।
सफलता की खबर मिलते ही उनके परिवार में खुशी का माहौल है। माता-पिता, भाई-बहन और गांव के लोगों ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र की जीत बताया। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि
“आज लीलापुर का नाम जिले स्तर पर रोशन हुआ है।”
न्याय के लिए समर्पित रहने का संकल्प
नव-चयनित अधिवक्ता धर्मेंद्र यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने की सोच को दिया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल वकालत करना नहीं, बल्कि गरीब, जरूरतमंद और शोषित वर्ग के लोगों को न्याय दिलाने के लिए सदैव तत्पर रहना है।
क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण
धर्मेंद्र यादव की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। मेहनत, लगन और सही दिशा में किए गए प्रयास से गांव का बेटा भी देश की बड़ी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकता है।
अंत में, पूरे क्षेत्र की ओर से अधिवक्ता धर्मेंद्र यादव को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें